गुरमीत राम रहीम के जेल जाने के बाद हरियाणा के लगभग सभी राजनैतिक दलों के मुंह पर ताले पड़ गए हैं। कोई भी राम रहीम के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोल रहा। इनेलो नेता अभय चौटाला ने आज इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने बाबा को इतना बड़ा बना दिया कि वो खुद को भगवान समझने लगा था।
अभय ने कहा कि संतों को राजनीति से दूर रहना चाहिए, लेकिन इस बाबा ने राजनीति में जो दखल देना शुरु किया, तभी से इसका पतन शुरु हो गया।
संतों को ये बातें शोभा नहीं देती। मैं भी डेरे में जाता था, लेकिन जब से रामरहीम के बारे में कुछ चर्चाएं चली तो हमने वहां जाना छोड़ दिया था। अभय चौटाला ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को लपेटे में लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में इसे जेड प्लस सिक्योरिटी देकर इतना बड़ा बना दिया कि ये किसी को कुछ नहीं समझता था। बाद में भाजपा भी उसी राह पर चलते हुए इसके चरणों में नतमस्तक हो गई। अभय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन मंत्रियों ने इसके पास जाकर प्रदेश के खून पसीने की कमाई लुटाई है, वह वसूली जाएगी और इनेलो की सरकार आते ही यह काम किया जाएगा।